चंडीगढ़। चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (सीटीयू) के बेड़े में जून माह के दौरान पीएम ई-बस सेवा की 40 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल हो जाएंगी। इनमें 20 बसें 15 जून तक और बाकी 20 बसें 30 जून तक आने की संभावना है। नई बसों के शामिल होने के बाद सीटीयू के कुल बेड़े की संख्या बढ़कर 420 हो जाएगी।
फिलहाल सीटीयू के पास डीजल और इलेक्ट्रिक मिलाकर कुल 380 बसें हैं। इनमें 139 इलेक्ट्रिक और 258 डीजल बसें शामिल हैं। नई बसों के आने के बाद पीएम ई-बस सेवा के तहत बसों की संख्या 100 तक पहुंच जाएगी, जबकि फेम-2 योजना के तहत पहले से 80 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं।
सीटीयू अधिकारियों के अनुसार नई बसों के जरिए उन रूटों को फिर से व्यवस्थित किया जाएगा, जहां से पहले डीजल बसें हटाई गई थीं। विभाग का उद्देश्य शहर के हर क्षेत्र को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ना है।
सीटीयू निदेशक अविकेश गुप्ता ने बताया कि नई ई-बसों के शामिल होने से बस सेवा में बड़ा सुधार आएगा। विभाग का प्रयास है कि अधिकांश रूटों पर यात्रियों का इंतजार कम हो और लोगों को अधिक सुगम व नियमित परिवहन सुविधा मिल सके।