सप्ताह के दूसरे कारोबारी दिन यानी मंगलवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार जोरदार तेजी पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का प्रमुख इंडेक्स सेंसेक्स 917.07 अंक यानी 2.30 फीसदी की बढ़त के बाद 40,789.38 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 271.75 अंक यानी 2.32 फीसदी की बढ़त के बाद 11,979.65 के स्तर पर बंद हुआ।
ऐसा रहा दिग्गज शेयरों का हाल
दिग्गज शेयरों की बात करें, तो मंगलवार को टाइटन, इंफ्राटेल, आईओसी, बजाज फिन्सर्व, बीपीसीएल, आईटीसी, गेल, टाटा स्टील और एचडीएफसी के शेयर बढ़त पर बंद हुए। वहीं जी लिमिटेड, बजाज ऑटो, यस बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर गिरावट पर बंद हुए।
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर
सेक्टोरियल इंडेक्स पर नजर डालें, तो आज सभी सेक्टर्स हरे निशान पर बंद हुए। इनमें आईटी, पीएसयू बैंक, फार्मा, रियल्टी, प्राइवेट बैंक, एफएमसीजी, मेटल, मीडिया और ऑटो शामिल हैं।
यह हैं तेजी के तीन कारण -
आठ साल के उच्चतम स्तर पर विनिर्माण गतिविधियां - साल 2020 के पहले माह यानी जनवरी में देश में विनिर्माण क्षेत्र की गतिविधियों में सुधार हुआ है। इसकी वजह से बाजार में तेजी देखने को मिली। मासिक सर्वेक्षण आईएचएस मार्किट के अनुसार, मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई इंडेक्स (मैन्युफैक्चरिंग पीएमआई) जनवरी में 55.3 अंक रहा है। यह आंकड़ा साल 2012 से 2020 की अवधि में सबसे ऊंचा स्तर है। यानी यह आठ साल के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है।
कच्चे तेल की कीमत में तेज गिरावट - कच्चे तेल की कीमत में तेज गिरावट से पेट्रोल और डीजल के दाम में कमी आई है। पिछले कुछ दिनों में कच्चे तेल का भाव 70 डॉलर प्रति बैरल के स्तर से लुढ़ककर 50 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में गिरावट 12 जनवरी के बाद से ही देखने को मिली है। इसका असर भी भारतीय शेयर बाजार में देखने को मिला।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में तेजी - इसके साथ ही विश्लेषकों के अनुसार, एशियाई बाजारों में बढ़त के साथ कारोबार होने से भी भारतीय बाजार में तेजी आई है। चीन के बाजार में भी स्थिरता देखी जा रही है। बता दें कि सोमवार को इसमें आठ फीसदी की गिरावट आई थी। अमेरिकी शेयर बाजार भी सोमवार को फायदे में रहे। वहीं जापान के इंडेक्स निक्केई में मंगलवार को 0.1 फीसदी बढ़त दर्ज की गई।
शुरुआती कारोबार में 39,720.26 के स्तर पर खुला था सेंसेक्स
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार मामूली गिरावट पर खुला था। सेंसेक्स 15.27 अंक यानी 0.04 फीसदी की गिरावट के बाद 39,720.26 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 8.85 अंक यानी 0.08 फीसदी की गिरावट के बाद 11,653 के स्तर पर खुला था।
सेंसेक्स में आई थी 800 अंकों की तेजी
शुरुआती कारोबार में शेयर बाजार हरे निशान पर खुला था। सेंसेक्स 290.61 अंक यानी 0.73 फीसदी की बढ़त के बाद 40,162.92 के स्तर पर खुला था। वहीं निफ्टी 109.85 अंक यानी 0.94 फीसदी की बढ़त के बाद 11,817.85 के स्तर पर खुला था। इसके बाद सुबह 11:36 बजे सेंसेक्स 806.97 अंक यानी 2.02 फीसदी की बढ़त के बाद 40,679.28 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 231.50 अंक यानी 1.98 फीसदी की बढ़त के बाद 11,939.40 के स्तर पर कारोबार कर रहा था।
पिछले कारोबारी दिन हरे निशान पर बंद हुआ था बाजार
पिछले कारोबारी दिन यानी सोमवार को दिनभर के कारोबार के बाद शेयर बाजार हरे निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 136.78 अंक यानी 0.34 फीसदी की बढ़त के बाद 39,872.31 के स्तर पर बंद हुआ था। वहीं निफ्टी 62.60 अंक यानी 0.53 फीसदी की बढ़त के बाद 11,724.05 के स्तर पर बंद हुआ था।