75 साल की उम्र में रिक्शा खींच रहे दादा
- फोटो : इंस्टाग्रामadityachauhan17_youtube
कहते हैं कि एक पिता अपने बच्चों को पालने के लिए जिंदगीभर मेहनत करता है। उनकी जरूरतें पूरी करने से लेकर उन्हें अपने पैरों पर खड़ा करने तक, वह हर मुश्किल का सामना करता है। लेकिन जब उसी पिता को बुढ़ापे में सहारे की जरूरत होती है तो अगर बच्चे उसका साथ छोड़ दें, तो इससे ज्यादा दुखद क्या होगा? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक 75 साल के बुजुर्ग का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग भावुक भी हैं और नाराज भी। बुजुर्ग की उम्र में आराम करने के बजाय उन्हें अपना पेट पालने के लिए रिक्शा चलाना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि उनके तीन बेटे हैं, लेकिन उनका कहना है कि कोई भी उन्हें खाना तक नहीं देता।
75 साल की उम्र में रिक्शा खींच रहे दादा
वायरल वीडियो में नजर आ रहे बुजुर्ग भागलपुर के बुधनाथ इलाके में रिक्शा चलाते हैं। कंटेंट क्रिएटर आदित्य चौहान की मुलाकात जब उनसे होती है, तो उनकी उम्र देखकर वह भी उन्हें रिक्शा चलाते देख हैरान रह जाते हैं। आदित्य कुछ देर बाद बुजुर्ग को रिक्शा पर बैठा देते हैं और खुद रिक्शा चलाने लगते हैं। इस दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू होती है। बातचीत में बुजुर्ग बताते हैं कि उनके तीन बेटे हैं, लेकिन कोई भी उन्हें खाना नहीं देता। तीन बेटे होने के बावजूद उन्हें अपना पेट भरने के लिए खुद मेहनत करनी पड़ती है। उम्र के इस पड़ाव पर भी वह रोज रिक्शा खींचकर अपना गुजारा कर रहे हैं। उनकी बातें सुनकर आदित्य भी भावुक हो जाते हैं।
कुछ खरीदने को कहा तो दादा ने नहीं मांगा कुछ
वीडियो के आखिरी हिस्से में आदित्य बुजुर्ग से पूछते हैं कि उन्हें क्या चाहिए। वह उनके लिए अपनी पसंद की कोई भी चीज खरीदने की बात कहते हैं। हालांकि, बुजुर्ग उनसे कुछ भी मांगने से इनकार कर देते हैं। वह बताते हैं कि उनके तीनों बेटे कमाते हैं, लेकिन फिर भी उन्हें एक रोटी तक नसीब नहीं होती। बुजुर्ग जिस सहजता से अपनी परेशानी बताते हैं, वह देखकर लोगों का दिल भर आया है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी स्थिति पर दुख जता रहे हैं और उनकी मदद करने की अपील कर रहे हैं।
वीडियो देख बेटों पर भड़के यूजर्स
आदित्य चौहान ने इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर '75 साल के दादा' कैप्शन के साथ शेयर किया है। वीडियो को अब तक 15 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है और 92 हजार से अधिक लाइक्स मिल चुके हैं। आदित्य ने इस मुलाकात का वीडियो तीन हिस्सों में पोस्ट किया है। कमेंट सेक्शन में बड़ी संख्या में लोग बुजुर्ग की मदद करने की बात कह रहे हैं। वहीं, कई यूजर्स ने उनके बेटों के व्यवहार पर नाराजगी जताई है। एक यूजर ने लिखा कि एक पिता ने अपने तीन बच्चों को पालकर बड़ा कर दिया, लेकिन तीनों बच्चे मिलकर भी अपने पिता का ख्याल नहीं रख पा रहे हैं। ऐसे बेटों को शर्म आनी चाहिए। इस वीडियो ने एक बार फिर बुढ़ापे में माता-पिता की देखभाल और बच्चों की जिम्मेदारी को लेकर बहस छेड़ दी है।