फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दशकों बाद अचानक सामने आया आवा समुदाय, सरकारी टीम से मांगा खाना और फिर जंगल में हो गया गायब

Thu, 19 Nov 2026 10:00 AM IST
दीक्षा पाठक फीचर डेस्क, अमर उजाला

सार

Ajab Gajab: ब्राजील के अमेजन जंगल में रहने वाले आवा समुदाय के करीब 20 लोग अचानक जंगल से बाहर आ गए। हाथों में धनुष-तीर लिए इस समूह ने सरकारी टीम से खाने के लिए याम मांगी और फिर वापस जंगल में लौट गया। कई दशकों में इस तरह उनका सामने आना दुर्लभ माना जा रहा है।
Register For Event
विज्ञापन
दशकों बाद अचानक सामने आया आवा समुदाय - फोटो : Ai
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ब्राजील के अमेजन के घने जंगलों में आज भी कुछ ऐसे आदिवासी समुदाय रहते हैं, जिनका बाहरी दुनिया से कोई खास संपर्क नहीं है। इनकी जिंदगी जंगल और प्रकृति के बीच ही गुजरती है। ऐसे में जब इनका कोई समूह अचानक जंगल से बाहर दिखाई देता है, तो यह अपने आप में बड़ी बात होती है। ब्राजील में ऐसा ही एक हैरान करने वाला नजारा देखने को मिला। यहां आवा समुदाय के करीब 20 लोग अचानक जंगल से बाहर आ गए। इनमें पुरुषों के साथ महिलाएं और छोटे बच्चे भी शामिल थे। सबसे खास बात यह थी कि सभी के हाथों में धनुष और लंबे तीर थे।

विज्ञापन


आवा समुदाय के ये लोग अरारिबोइया इंडिजिनस टेरिटरी में बने एक सरकारी निगरानी पोस्ट और तवारी गांव के पास पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उन्होंने वहां मौजूद सरकारी टीम से खाने के लिए याम यानी एक तरह की जड़ वाली सब्जी मांगी। खाना मिलने के बाद सभी लोग उसे लेकर वापस जंगल में चले गए। आदिवासी अधिकारों के लिए काम करने वाले संगठन सर्वाइवल इंटरनेशनल के मुताबिक, कई दशकों में इस तरह आवा समुदाय के लोगों का एक साथ सामने आना बेहद दुर्लभ है।

विज्ञापन


कौन हैं आवा समुदाय के लोग?
आवा ब्राजील के अमेजन जंगल में रहने वाला एक आदिवासी समुदाय है। इनके कुछ समूह आज भी बाहरी दुनिया से बिल्कुल अलग रहते हैं। इनका दूसरे लोगों से नियमित संपर्क नहीं होता। जंगल ही इनका घर है और खाने-पीने के लिए ये पूरी तरह प्रकृति पर निर्भर रहते हैं। शिकार करना, मछली पकड़ना और जंगल से फल, जड़ें और दूसरी खाने की चीजें इकट्ठा करना इनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है।

इनकी सामाजिक परंपराएं भी काफी अलग हैं। मानवशास्त्रियों के अध्ययनों के मुताबिक, यहां शादी को लेकर कोई एक तय नियम नहीं है। पुरुष और महिलाएं एक से ज्यादा बार शादी कर सकते हैं। कुछ अध्ययनों में एक महिला के एक से अधिक पति होने के उदाहरण भी मिले हैं। इस व्यवस्था को पॉलीएंड्री यानी बहुपतित्व कहा जाता है। हालांकि, यह पूरे समुदाय में एक जैसी परंपरा नहीं है।

बंदर के बच्चों को भी पालते हैं अपने परिवार की तरह
आवा समुदाय का जंगल के जानवरों से रिश्ता भी काफी अनोखा है। अगर शिकार के दौरान किसी मादा बंदर की मौत हो जाए और उसका बच्चा जिंदा बच जाए, तो कई बार ये लोग उसे अपने साथ ले आते हैं। इसके बाद उसकी देखभाल परिवार के सदस्य की तरह करते हैं। मानवशास्त्रीय अध्ययनों में आवा महिलाओं द्वारा बंदर के बच्चों को दूध पिलाने और उनकी परवरिश करने का भी जिक्र मिलता है।

क्यों बढ़ रही है आवा समुदाय की चिंता?
आवा समुदाय के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनके जंगल और जमीन की सुरक्षा है। इनके पारंपरिक इलाकों में अवैध पेड़ कटाई करने वाले, शिकारी और पशुपालक घुसपैठ कर रहे हैं। इससे इनके रहने और खाने के प्राकृतिक साधनों पर खतरा बढ़ रहा है।

फिलहाल यह साफ नहीं है कि करीब 20 लोगों का यह समूह किस वजह से जंगल से बाहर आया था। माना जा रहा है कि वे खाने की तलाश में सरकारी निगरानी पोस्ट तक पहुंचे होंगे, लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, लंबे समय से बाहरी दुनिया से दूर रहने के कारण इन लोगों को संक्रमण का खतरा भी रहता है। सामान्य संक्रामक बीमारियां भी इनके लिए गंभीर साबित हो सकती हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें