भोजपुर जिले की संदेश विधानसभा सीट से जदयू के एमएलसी राधा चरण साह को एनडीए उम्मीदवार घोषित किया गया है। उन्होंने आरा स्थित आरण्य देवी और महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना कर जनता की सेवा और क्षेत्र विकास के लिए आशीर्वाद लिया।
भोजपुर जिले की संदेश विधानसभा सीट पर उम्मीदवारों को लेकर चल रही अटकलों का अंत हो गया है। एनडीए ने इस सीट से जदयू के एमएलसी राधा चरण साह को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित किया है। घोषणा के बाद राधा चरण साह चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गए हैं और वे 17 अक्टूबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
विज्ञापन
टिकट मिलने के बाद राधा चरण साह ने आरा स्थित आरण्य देवी मंदिर और महावीर मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की और जनता की सेवा तथा क्षेत्र के विकास के लिए आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि यह चुनाव जनता के विश्वास और विकास के मुद्दे पर लड़ा जाएगा।
राधा चरण साह ने अपने बयान में पूर्व विधायक अरुण यादव और वर्तमान विधायक किरण देवी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में संदेश की जनता विकास से वंचित रही है, लेकिन अब क्षेत्र की तस्वीर बदलना उनकी प्राथमिकता होगी।
उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव के मूड में है और एनडीए को भारी समर्थन मिल रहा है। जदयू प्रत्याशी के मैदान में उतरने के साथ ही संदेश विधानसभा में मुकाबला दिलचस्प हो गया है। अब यहां राधा चरण साह और आरजेडी उम्मीदवार दीपू राणावत के बीच सीधा मुकाबला माना जा रहा है। दोनों ही उम्मीदवारों ने अपने-अपने समर्थकों के साथ चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।