Patna News Update: पटना के गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों को सांसद पप्पू यादव का साथ फिर से मिला है। आज सांसद ने राज्यपाल से मुलाकात कर छात्रों की समस्या को रखा। उन्होंने 70वीं BPSC, दरोगा, BSSC और डोमिसाइल का परीक्षा मुद्दा उठाया। आइये जानते हैं पूरा मामला...
बिहार लोक सेवा आयोग, बिहार कर्मचारी चयन आयोग की परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रों और असिस्टेंट प्रोफेसर अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव आज लोकभवन पहुंचे। उन्होंने राज्यपाल सैयद अता हसनैन मुलाकात की। इस दौरान गर्दनीबाग धरनास्थल पर आंदोलन कर रहे छात्र भी उनके साथ मौजूद रहे। छात्रों की ओर से 13 सूत्री मांगों का ज्ञापन राज्यपाल को सौंपा गया। राज्यपाल से मुलाकात के बाद बाहर निकले पप्पू यादव ने कहा कि उन्होंने छात्रों की समस्याओं से राज्यपाल को अवगत कराया है। उनके साथ पीएचडी होल्डर दो छात्र और आंदोलन से जुड़े सौरभ व दिलीप के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।
विज्ञापन
70वीं BPSC, दरोगा और BSSC परीक्षा का मुद्दा उठाया
पप्पू यादव ने कहा कि लाइब्रेरियन की वैकेंसी अगले दो से तीन महीने में निकलने वाली है। इसके अलावा 70वीं BPSC परीक्षा, दरोगा बहाली और BSSC परीक्षा समेत कई मुद्दों पर राज्यपाल से चर्चा हुई है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने माना है कि कुछ मामलों में गलत हुआ है। सांसद ने कहा कि मैं सरकार से बात करूंगा। BPSC और BSSC के दोनों अध्यक्षों को बुलाकर बात करूंगा। मैं बच्चों को डिसएप्वॉइंटेड नहीं होने दूंगा। बच्चों से कहिए कि वे भूख हड़ताल न करें, वे हमारे बच्चे हैं।
शिक्षक बहाली को लेकर भी उठाई आवाज
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि शिक्षक बहाली को लेकर भी छात्र आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहले सरकार की ओर से डेढ़ लाख शिक्षक बहाली की बात कही गई थी, लेकिन अब करीब 35 हजार पदों पर बहाली की बात हो रही है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल ने छात्रों की सभी बातों को गंभीरता से सुना और इस पर चिंता भी जाहिर की है।
सांसद ने बताया कि छात्रों की ओर से 13 सूत्री मांगों की सूची राज्यपाल को दी गई है। इसमें डोमिसाइल नीति में 85 फीसदी आरक्षण/प्राथमिकता देने की मांग भी शामिल है। TRE-4 परीक्षा को लेकर भी छात्रों की नाराजगी का मुद्दा राज्यपाल के सामने रखा गया। छात्रों की मुख्य आपत्ति परीक्षा दो चरणों में कराए जाने और निगेटिव मार्किंग को लेकर है। पप्पू यादव ने कहा कि राज्यपाल ने इस मामले को भी गंभीरता से लिया है। पप्पू यादव ने कहा कि छात्रों के मुद्दों पर सरकार से बातचीत की जाएगी और उनकी समस्याओं का समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि “राहुल गांधी बच्चों के मुद्दे पर गोली खाने को तैयार हैं।