बिहार सरकार की ओर से ली जाने वाली प्रतियोगी परीक्षाओं में गड़बड़ी दूर करने और जल्दी बहाली प्रक्रिया शुरू करने की मांग लेकर छात्र नेता दिलीप कुमार और सौरव कुमार ने नेतृत्व में अभ्यर्थी गर्दनीबाग में आंदोलन कर रहे हैं। गर्दनीबाग धरनास्थल पर दो अलग-अलग अभ्यर्थियों का गुट अनशन पर बैठा है। बिहार स्टूडेंट यूनियन और ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन ने बिहार में बीपीएससी TRE 4, BPSC 70वीं, दरोगा भर्ती समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर कई मांगे उठाई हैं। इधर, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने छात्रों से सरकार पर भरोसा बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रों को गुमराह करने और भड़काने की कोशिश करने वाले लोगों का अपना राजनीतिक एजेंडा हो सकता है। सरकार विद्यार्थियों के हितों को लेकर गंभीर है और मुख्यमंत्री भी छात्रों से जुड़े मुद्दों के प्रति संवेदनशील हैं।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि बिहार सरकार युवाओं को रोजगार और भर्ती के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। उन्होंने चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी वैकेंसी भी जारी की जा चुकी है। मिथिलेश तिवारी ने छात्रों से अपील की कि वे किसी के बहकावे या अफवाह में न आएं। सरकार की ओर से भर्ती और रोजगार से संबंधित प्रक्रियाएं नियमों के अनुसार आगे बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों के हित में सरकार जरूरी कदम उठा रही है और उन्हें प्रक्रिया पर विश्वास रखना चाहिए।
छात्र नेता दिलीप कुमार ने सरकार को क्या अल्टीमेटम दिया?
छात्र नेता दिलीप कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र अनिश्चितकालीन छात्र न्याय सत्याग्रह आंदोलन पर बैठे हैं। दिलीप कुमार ने कहा कि बिहार लोक सेवा आयोग से हमारी मांग है कि व चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा में पीटी-मेंस और निगेटिव मार्किंग बात को वापस ले। साथ ही डोमिसाइल नीति को स्पष्ट करें। जिस तरह टीआरई एक, दो और तीन हुआ, उसी तरह से टीआरई 4 भी लें। उन्होंने कोचिंग संचालकों से अपील करते हुए कहा कि कोचिंग संचालकों से आग्रह करते हैं कि जब तक हमलोगों का आंदोलन जारी रहेगा, तब तक वह टीआरई की कोचिंग बंद रखें। कोई नया बैच फिलहाल नहीं दे। छात्र हित में सभी शिक्षक सहयोग करें।
बिहार CGL, ASO और BSO समेत सभी लंबित परीक्षाओं को जल्द कराने की मांग
छात्र नेता सौरभ कुमार ने कहा कि हमलोग ऑल बिहार स्टूडेंट यूनियन के बैनर बिहार में प्रतियोगी परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं को लेकर 13 सूत्री मांगें उठाई हैं। हमलोगों की प्रमुख मांगों में 70वीं BPSC परीक्षा को पूरी तरह निरस्त करने की मांग करते हैं। इसके अलावा BSSC की ओर से आयोजित इंटरमीडिएट, CGL, ASO और BSO समेत सभी लंबित परीक्षाओं को जल्द आयोजित कराने की मांग की गई है। इसके अलावा TRE-4 भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के साथ पूर्व की परीक्षाओं की तर्ज पर एक परीक्षा और ‘एक अभ्यर्थी, एक रिजल्ट’ व्यवस्था लागू करने की मांग करते हैं। वहीं, 1,799 पदों वाली दरोगा भर्ती परीक्षा को पूरी तरह निरस्त करने और परीक्षा समाप्त होने के बाद प्रश्नपत्र, उत्तर-कुंजी और OMR शीट अभ्यर्थियों को उपलब्ध कराने की मांग भी की गई है। अभ्यर्थियों ने BPSC की ओर से आयोजित AED0 समेत विभिन्न रद्द परीक्षाओं की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों की जवाबदेही तय करने की मांग की।