आगामी सर्दियों के मौसम में घने कोहरे के दौरान रेल परिचालन को सुरक्षित और समयबद्ध बनाए रखने के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दिसंबर 2026 से मार्च 2027 तक कई महत्वपूर्ण मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को आंशिक रूप से रद्द करने के साथ उनके साप्ताहिक फेरों में कटौती की गई है। इस निर्णय का सीधा असर पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत झाझा रेलखंड से गुजरने वाले यात्रियों पर पड़ेगा।
रेलवे प्रशासन ने शीतकालीन मौसम में धुंध की वजह से होने वाली लेटलतीफी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए यह व्यवस्था अग्रिम रूप से की है। लंबी दूरी की यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों को अपना टिकट बुक करने से पहले प्रभावित दिनों की जानकारी लेना अनिवार्य होगा।
हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस के 26-26 फेरे रद्द
आसनसोल रेल मंडल के सूचना अधिकारी आशीष कुमार सिंह ने बताया कि घने कोहरे के दौरान संरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के लिए ट्रेनों के फेरों में कटौती का निर्णय लिया गया है। इस आदेश के तहत हावड़ा से देहरादून के बीच चलने वाली गाड़ियों के परिचालन दिनों में बदलाव किया गया है।
गाड़ी संख्या 13035 (हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस) 1 दिसंबर से 26 फरवरी तक प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को रद्द रहेगी। इस पूरी अवधि के दौरान इस ट्रेन के कुल 26 फेरे रद्द रहेंगे। इसके साथ ही वापसी दिशा में चलने वाली गाड़ी संख्या 13036 (देहरादून-हावड़ा एक्सप्रेस) 2 दिसंबर से 27 फरवरी तक प्रत्येक बुधवार और शनिवार को नहीं चलेगी। इसके भी कुल 26 फेरे निरस्त रहेंगे।
काठगोदाम और अमृतसर जाने वाली ट्रेनें प्रभावित
उत्तर भारत की ओर जाने वाली अन्य प्रमुख ट्रेनों के परिचालन दिवसों में भी रेलवे ने व्यापक फेरबदल किया है। गाड़ी संख्या 13019 (हावड़ा-काठगोदाम एक्सप्रेस) 6 दिसंबर से 28 फरवरी तक प्रत्येक रविवार को रद्द रहेगी। इस दौरान इसके कुल 13 फेरे रद्द किए गए हैं, जबकि सप्ताह के शेष दिनों में यह ट्रेन अपने पूर्ववत समय पर चलेगी। गाड़ी संख्या 13020 (काठगोदाम-हावड़ा एक्सप्रेस) 8 दिसंबर से 2 मार्च तक प्रत्येक मंगलवार को रद्द रहेगी। इसके भी 13 फेरे प्रभावित रहेंगे।
गाड़ी संख्या 12357 (कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस) 27 फरवरी तक प्रत्येक शनिवार को रद्द रहेगी, जिससे इसके कुल 13 फेरे रद्द रहेंगे। हालांकि, प्रत्येक मंगलवार को इसका परिचालन सामान्य रहेगा। गाड़ी संख्या 12358 (अमृतसर-कोलकाता एक्सप्रेस) 7 दिसंबर से 1 मार्च तक प्रत्येक सोमवार को रद्द रहेगी। इसके भी 13 फेरे रद्द किए गए हैं। बृहस्पतिवार को यह ट्रेन अपने तय समय से संचालित होगी।
यात्रियों के लिए आवश्यक सलाह व जानकारी
रेलवे प्रशासन के अनुसार कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी और दुर्घटनाओं की आशंका को कम करने के लिए यह अग्रिम व्यवस्था की गई है। झाझा रेलखंड से होकर गुजरने वाली इन प्रमुख मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों से अनुरोध किया गया है कि वे अपनी यात्रा योजना बनाने या टिकट बुक करने से पहले गाड़ी के परिचालन दिनों की अद्यतन जानकारी अवश्य जुटा लें।
ये भी पढ़ें- जदयू की महाबैठक: विधान परिषद चुनाव में हार के बाद नीतीश कुमार की पार्टी कर रही मंथन, क्या हो रहा मीटिंग में?
यात्री अपनी संबंधित गाड़ी की वर्तमान स्थिति जानने के लिए रेलवे के आधिकारिक हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली अथवा एनटीईएस (NTES) मोबाइल एप का उपयोग करके भी ट्रेन की वास्तविक स्थिति का पता लगा सकते हैं। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति देखकर ही यात्रा शुरू करें, जिससे उन्हें किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।