पटना में बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (BUHS) के बाहर परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की आशंका को लेकर छात्रों का प्रदर्शन मंगलवार को उग्र हो गया। पुलिस और छात्रों के बीच झड़प व पथराव में जक्कनपुर थाने के SHO समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। हंगामे में कुछ वाहनों के क्षतिग्रस्त होने की भी सूचना है।
बिहार स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (BUHS) के बाहर मंगलवार को परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी की आशंका को लेकर छात्रों का विरोध-प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया। बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय पहुंचे छात्रों ने प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और छात्रों तथा पुलिस के बीच झड़प हो गई।
विज्ञापन
पुलिस और छात्रों के बीच हुई झड़प
प्रदर्शन के दौरान पुलिस और आक्रोशित छात्रों के बीच धक्का-मुक्की के बाद स्थिति बिगड़ गई। इस दौरान पथराव की भी बात सामने आई है। झड़प में जक्कनपुर थाने के SHO ऋतुराज सिंह, कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और महिला कांस्टेबल सुमन कुमारी घायल हो गए। कुछ छात्रों के भी चोटिल होने की सूचना है। हंगामे के दौरान सड़क से गुजर रहे वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। कुछ राहगीरों की गाड़ियों के शीशे टूटने की बात सामने आई है।
छात्रों ने लगाया लाठीचार्ज का आरोप
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि वे परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपने विश्वविद्यालय पहुंचे थे। छात्रों का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन विश्वविद्यालय प्रशासन ने उनकी समस्याएं सुनने के बजाय पुलिस को आगे कर दिया।
विज्ञापन
छात्रों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन्हें हटाने के लिए लाठीचार्ज किया, जिसके बाद स्थिति और अधिक बिगड़ गई। हालांकि, पुलिस की ओर से लाठीचार्ज को लेकर आधिकारिक तौर पर क्या कहा गया है, यह स्पष्ट होना बाकी है।
मौके पर पहुंचा अतिरिक्त पुलिस बल
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को नियंत्रित करने और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। छात्रों का कहना है कि परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ियों को लेकर लंबे समय से असंतोष है। उनका आरोप है कि परिणाम से जुड़े मामलों में पारदर्शिता नहीं बरती जा रही है। इसी मुद्दे को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में छात्र विश्वविद्यालय के बाहर जुटे थे।
प्रदर्शन के उग्र होने के बाद विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। फिलहाल स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास जारी हैं।घटना के बाद छात्रों और पुलिस के बीच टकराव ने विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने परीक्षा परिणाम से जुड़े विवाद को और गंभीर बना दिया है। अब छात्रों की मांगों और झड़प के पूरे घटनाक्रम को लेकर प्रशासन के अगले कदम पर नजर है।