टाटा मोटर्स अपनी सबसे पसंदीदा एसयूवी नेक्सन का नेक्स्ट जनरेशन मॉडल पेश करने वाली है। नई टाटा नेक्सन को अगले साल लॉन्च किया जा सकता है। हाल ही में इसके इलेक्ट्रिक वर्जन को टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किया गया है। इससे पहले इसके इंटरनल कंबशन इंजन (ICE) मॉडल की भी झलक सामने आई थी। ऐसे में संभावना है कि कंपनी नई नेक्सन के पेट्रोल-डीजल और इलेक्ट्रिक वर्जन को एक साथ लॉन्च कर सकती है। नई एसयूवी के डिजाइन में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
नई टाटा नेक्सन में क्या होगा खास?
- हाल ही सामने आई स्पाई शॉट्स में नेक्स्ट जनरेशन टाटा नेक्सन का इलेक्ट्रिक मॉडल नजर आया है। टेस्टिंग के दौरान कार में ऑरेंज वायरिंग हार्नेस और अंडरबॉडी में बड़ी बैटरी के लिए जगह दिखाई दी है। ये संकेत कार के इलेक्ट्रिक होने की ओर इशारा करते हैं। हालांकि, कंपनी ने अभी तक नई नेक्सन के डिजाइन और फीचर्स को लेकर आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।
- बता दें कि टाटा नेक्सन ईवी को पहली बार 2020 में लॉन्च किया गया था। इसके बाद से कंपनी अब तक इसकी एक लाख से ज्यादा गाड़ियां बेच चुकी है। हालांकि, इलेक्ट्रिक कार बाजार में इसे अब पहले जैसी बढ़त हासिल नहीं है। ऐसे में नेक्स्ट जनरेशन मॉडल के जरिए कंपनी अपनी स्थिति मजबूत करने की कोशिश कर सकती है।
स्पोर्टी डिजाइन और बड़े अलॉय व्हील मिलने की उम्मीद
- नई नेक्सन ईवी के एक्सटीरियर में बदलाव देखने को मिल सकते हैं। इसमें स्पोर्टी डिजाइन, ऊपर की ओर उठती बेल्टलाइन, ढलान वाली रूफलाइन और पीछे की ओर झुकी विंडस्क्रीन मिलने की संभावना है। इसके अलावा, एसयूवी में बेहतर ग्राउंड क्लियरेंस भी दिया जा सकता है।
- मौजूदा नेक्सन ईवी में 16 इंच के व्हील मिलते हैं, जबकि नई जनरेशन में 18 इंच के अलॉय व्हील दिए जा सकते हैं। हालांकि, इन बदलावों की पुष्टि कंपनी की ओर से नहीं हुई है।
नए प्लेटफॉर्म पर बेस्ड हो सकती है एसयूवी
- रिपोर्ट्स की मानें तो, नेक्स्ट जनरेशन टाटा नेक्सन अपडेटेड एक्स1 प्लेटफॉर्म पर आधारित हो सकती है।
- वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में इसके एर्गोस प्लेटफॉर्म के छोटे वर्जन पर तैयार होने की संभावना जताई गई है। इसी प्लेटफॉर्म पर टाटा सिएरा आधारित है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी नई नेक्सन के लिए किस प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करेगी।
- नई नेक्सन के फीचर्स, इंटीरियर, बैटरी क्षमता, रेंज और इंजन विकल्पों को लेकर अभी डिटेल में जानकारी सामने नहीं आई है। इनसे जुड़ी जानकारी लॉन्च के करीब मिलने की उम्मीद है।
नई नेक्सन से टाटा मोटर्स को क्या उम्मीदें?
नेक्सन पेट्रोल, डीजल, सीएनजी और इलेक्ट्रिक पावरट्रेन विकल्पों में उपलब्ध है। नेक्स्ट जनरेशन मॉडल में डिजाइन और तकनीक से जुड़े बदलाव इसे बाजार में प्रतिस्पर्धी बनाए रखने में खास भूमिका निभा सकते हैं। अगर कंपनी पेट्राेल-डीजल और इलेक्ट्रिक वर्जन को एक साथ पेश करती है, तो ग्राहकों को अपनी जरूरत के हिसाब से विकल्प चुनने का मौका मिल सकता है। हालांकि, नई नेक्सन की लॉन्च डेट, कीमत और फीचर्स को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार करना पड़ सकता है।