सफर के दौरान कार में म्यजिक सुनने का मजा भी तभी आता है, जब स्पीकर्स की आवाज साफ हो और म्यूजिक सिस्टम बिना किसी परेशानी के काम करे, लेकिन तेज आवाज, धूल, गर्मी और खराब वायरिंग की वजह से स्पीकर्स, एम्पलीफायर और हेड यूनिट की उम्र कम हो सकती है। ऐसे में कुछ आसान बातों का ध्यान रखकर आप अपने कार म्यूजिक सिस्टम को लंबे समय तक बेहतर रख सकते हैं। आइए जानते हैं कैसे...
1. फुल वॉल्यूम पर लगातार म्यूजिक न सुनें
अगर आप लंबे सफर के लिए जा रहे हैं, तो बहुत देर तक बहुत तेज आवाज में गाने चलाने से स्पीकर्स पर दबाव पड़ता है। इससे उनकी साउंड क्वालिटी खराब हो सकती है। इसलिए वॉल्यूम को जरूरत के हिसाब से रखें और लगातार अधिकतम आवाज पर म्यूजिक चलाने से बचें।
2. स्पीकर्स और हेड यूनिट को धूल से बचाएं
इसके अलावा अक्सर कार के अंदर जमा धूल स्पीकर्स की जाली और म्यूजिक सिस्टम के दूसरे हिस्सों में पहुंच जाती है। इन्हें साफ करने के लिए माइक्रोफाइबर कपड़े का इस्तेमाल करें। हेड यूनिट या स्पीकर्स पर सीधे पानी या लिक्विड क्लीनर न छिड़कें।
3. कार स्टार्ट करने के बाद म्यूजिक सिस्टम चलाएं
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि इंजन स्टार्ट करते समय म्यूजिक सिस्टम बंद रखना बेहतर माना जाता है। इससे स्टार्टिंग के दौरान होने वाले वोल्टेज में उतार-चढ़ाव से सिस्टम को होने वाले संभावित नुकसान का जोखिम कम हो सकता है। इंजन स्टार्ट होने के बाद म्यूजिक सिस्टम ऑन करें।
4. वायरिंग और कनेक्शन की जांच कराते रहें
ढीले तार, खराब कनेक्शन और फ्यूज में गड़बड़ी से म्यूजिक सिस्टम की परफॉर्मेंस प्रभावित हो सकती है। इसलिए समय-समय पर वायरिंग और कनेक्शन की जांच करवाएं। साल में कम से कम एक बार किसी एक्सपर्ट से इसकी जांच कराना अच्छा रहता है।
5. कार को ज्यादा गर्म होने से बचाएं
- तेज धूप में लंबे समय तक खड़ी कार का केबिन काफी गर्म हो सकता है। इसका असर म्यूजिक सिस्टम के इलेक्ट्रॉनिक पार्ट्स पर भी पड़ सकता है। कोशिश करें कि कार को छांव में पार्क करें। जरूरत पड़ने पर सनशेड का इस्तेमाल भी कर सकते हैं।
- विशेषज्ञ के अनुसार, इन छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर आप कार के म्यूजिक सिस्टम की साउंड क्वालिटी और परफॉर्मेंस को लंबे समय तक बेहतर बनाए रख सकते हैं।